- एसएसबी 50 वाहिनी बढ़नी कैंप पर आयोजित हुई ऑपरेशन कवच की बैठक
बढ़नी। एसएसबी 50वीं वाहिनी बढ़नी के कैंप में रविवार को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बॉर्डर पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए ऑपरेशन कवच के तहत बैठक हुई। इसमें पुलिस, एसएसबी और सीमावर्ती गांवों के ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों ने हिस्सा लिया। तस्करी सहित अन्य प्रकार की गतिविधियों पर रोक लगाने में जोर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी और असिस्टेंट कमांडेंट संजय केपी को कस्बे के नागरिकों ने वार्ड नंबर नौ में बेखौफ चल रहे स्मैक के धंधे के बारे में अवगत कराते हुए विराम लगाने की बात कही। इस दौरान जन्माष्टमी पर्व पर भ्रमण, नगर के प्रमुख चौराहों, घने कस्बे और रेलवे स्टेशन के सामने सीसी कैमरा लगवाने के लिए सीओ ने निर्देशित किया। सीओ ने क्षेत्र में सक्रिय अवैध नशे के सौदागरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
सीओ ने अस्सिटेंट कमांडेंट संजय केपी की उपस्थिति में ढेबरुआ व बढ़नी चौकी पुलिस के जवानों के साथ अलग से एक गोपनीय बैठक की इस बंद कमरे में हुई बैठक में सीओ मयंक द्विवेदी नशे के कारोबार को लेकर मातहतों के पेंच कसते हुए आड़े हाथों लिया और सीमा क्षेत्र से तस्करी, नशे के अवैध कारोबार पर विराम लगाने तथा कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया।