बिस्कोहर कस्बे और सिंगारजोत मार्ग पर घर-घर हुई जांच
बिस्कोहर। विद्युत वितरण उपकेंद्र कठौतिया रामनाथ की टीम ने मंगलवार को बिस्कोहर फीडर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान घर-घर जाकर बिजली कनेक्शनों की जांच की गई और बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं से मौके पर ही 69 हजार रुपये की राजस्व वसूली की गई।
विभागीय टीम ने बिस्कोहर कस्बे और सिंगारजोत मार्ग पर उपभोक्ताओं के बिजली मीटर, कनेक्शन और बिल भुगतान की स्थिति की जांच की। जांच के दौरान बकाएदार उपभोक्ताओं को तत्काल बिल जमा कराने के निर्देश दिए गए। जेई सिद्धार्थशंकर गुप्ता ने बताया कि अभियान में 69 हजार रुपये की बकाया राशि वसूल की गई। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी उपभोक्ता समय पर बिजली बिल का भुगतान करें। अभियान में मीटर रीडर प्रदीप पांडेय, शिवाकांत, परघट यादव समेत बिजली विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।