तुलसियापुर। कठेला समय माता थाना क्षेत्र के इटहिया-प्रतापपुर मार्ग पर महदेइया मोड़ के पास ही ई-रिक्शा पलटने से निशा (13) और आर्यन (14) के साथ चालक गोलू (14) जख्मी हो गए। घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में कराने के बाद परिजन अपने घर ले गए हैं, जबकि घायल छात्रा निशा का शोहरतगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, कठेला समय माता थाना क्षेत्र के तौलिहवा ग्राम पंचायत के राजा कोहा उर्फ प्रतापपुर के रहने वाली निशा (13) व आर्यन (14) ग्राम पंचायत के इटहिया टोले में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पढ़ते हैं। शनिवार को वह अन्य छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय पहुंचे, वहां तैनात शिक्षक ने उन्हें बीआरसी परसा (बढ़नी) में ऑडिट की बात कहकर वापस घर भेज दिया। इटहिया-प्रतापपुर मार्ग पर महदेइया मोड़ के पास ही ई-रिक्शा पलट गया, जिससे नाबालिग चालक गोलू, निशा और आर्यन घायल हो गए और उनके पैर में काफी चोटें आईं। आर्यन आठ व निशा कक्षा सात में पढ़ती है।
चालक गोलू व आर्यन का इलाज मेडिकल कॉलेज में कराने के बाद परिजन घर ले गए जबकि घायल निशा का शोहरतगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी है। किसी तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।