जिले में 2.06 लाख उज्ज्वला कनेक्शनधारक, पात्र लाभार्थियों को होली और दिवाली पर मिलेंगे दो मुफ्त सिलिंडर
सिद्धार्थनगर। जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 23,104 लाभार्थियों का आधार आधारित ई-केवाईसी सत्यापन अब तक पूरा नहीं हुआ है। इससे पात्र लाभार्थियों को मुफ्त सिलिंडर रिफिल का लाभ पाने में परेशानी हो सकती है। जिले में योजना के कुल 2.06 लाख कनेक्शनधारक हैं। ऐसे में लंबित सत्यापन पूरा कराना जरूरी है, ताकि पात्रता और भुगतान से जुड़ी प्रक्रिया में बाधा न आए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को दो मुफ्त सिलिंडर रिफिल देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके तहत पहला मुफ्त रिफिल अक्तूबर से दिसंबर 2026 और दूसरा जनवरी से मार्च 2027 के बीच दिया जाएगा। लाभ पाने के लिए लाभार्थी का बैंक खाता आधार से जुड़ा होना और आधार प्रमाणीकरण पूरा होना जरूरी है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी लंबित है, उन्हें जल्द प्रक्रिया पूरी करा लेनी चाहिए।
गैस एजेंसी या एप से कराएं ई-केवाईसी
उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसी पर जाकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। इसके अलावा इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस की संबंधित मोबाइल एप के साथ आधार फेसआरडी एप की मदद से फेस आधारित प्रमाणीकरण भी किया जा सकता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एजेंसी से सत्यापन की स्थिति की पुष्टि कर लेना उपयोगी होगा।
आंकड़ों में ई-केवाईसी की स्थिति
कुल उज्ज्वला कनेक्शन: 2,06,000
ई-केवाईसी लंबित: 23,104
ई-केवाईसी पूरा: 1,82,896
लंबित सत्यापन का प्रतिशत: लगभग 11.2 प्रतिशत
सामान्य गैस कनेक्शनधारकों का लंबित ई-केवाईसी: करीब 45,000
काेट
उपभोक्ता मुफ्त रिफिल की पात्रता, भुगतान की प्रक्रिया और सब्सिडी की स्थिति की जानकारी अपनी गैस एजेंसी से प्राप्त कर सकते हैं। समय रहते सत्यापन पूरा कराने से त्योहार के दौरान गैस रिफिल और उससे जुड़े लाभों में संभावित परेशानी से बचा जा सकता है।
- देवेंद्र प्रताप सिंह, डीएसओ