- बजबजाती नालियों और मच्छरों के प्रकोप से संक्रामक बीमारियों का खतरा
विज्ञापन
जोगिया। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत जोगिया के टोला योगमाया में सफाई नहीं होने से जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। नालियां बजबजा रही हैं और उनसे उठने वाली दुर्गंध से ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मचारियों की तैनाती के बावजूद नियमित सफाई नहीं होती।
गांव के अशोक, लल्लन, बद्री, विशाल, रामलोटन और संतराम का कहना है कि गलियों और सड़कों पर कूड़ा फैला रहता है। नालियों की सफाई नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। इससे मलेरिया, डेंगू और टाइफाइड जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, कई बार शिकायत करने के बावजूद गांव की सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ है।
विज्ञापन
एडीओ पंचायत जोगिया प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर जाकर जांच की जाएगी और जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।