- 27 डिग्री अधिकतम और 22 डिग्री दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान
सिद्धार्थनगर। पिछले दो दिनों से छाए बादल और मंगलवार को हुई बूंदाबांदी से मौसम में बदलाव होने लगा है। लोगों को अब ठंड का अहसास होने लगा। पूरे दिन बादल छाए रहने से बच्चों व बुजुर्गों को गर्म कपड़ा पहन कर रहना पड़ा। वहीं आगामी दो दिनों तक यही हालत रहने की संभावना हैं।
मंगलवार को सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए रहे। भोर चार बजे से ही हल्की बूंदाबांदी होने लगी। यह सिलसिला करीब नौ बजे तक जारी रहा। इससे ठंड और भी बढ़ गई। पूरे दिन मौसम का मिजाज बदलने और छठ पर्व होने से लोग घरों में ही दुबके रहे। इसके साथ बाजार में गर्म कपड़े की खरीदारी के लिए लोगों की चहल-पहल देखी गई। मौसम में अचानक हुए बदलाव से लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने सुरक्षित रहने की सलाह दे रहे हैं। डॉ. जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अचानक मौसम में हो रहे बदलाव से लोगों के स्वास्थ्य पर काफी असर पड़ेगा। ऐसे में गर्म कपड़े का प्रयोग करें।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगे मौसम और भी खराब होगा, जिससे लोगों को ठंड का अहसास होगा। इस ठंड से रबी की फसल को भी लाभ मिलेगा।