बेंवा भड़रिया मार्ग पर क्षतिग्रस्त ट्रक। संवाद
भवानीगंज। क्षेत्र के भड़रिया पुलिस बूथ चौराहे बुधवार की रात लगभग नौ बजे के आसपास दो ट्रकों में भिड़ंत हो गई। गनीमत रही कि दोनों ट्रक चालक सहित सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक बलरामपुर से दाल लादकर बलिया जा रहा था। अभी वह भड़रिया चौराहे पर पहुंचा था तभी भवानीगंज के रास्ते बनारस से कोयला लादकर नेपाल जा रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। घटना देख स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। लोगों द्वारा दोनों ट्रक चालकों को पास के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार हुआ। गनीमत रही कि ट्रक चालकों को हल्की-फुल्की चोटें आईं और सभी सुरक्षित बच गए। ग्रामीणों का कहना है कि भड़रिया-बेंवा मार्ग पर सड़क बन चुकी है। इससे गाड़ियाें की रफ्तार बढ़ गई है। स्पीड ब्रेकर न होने के कारण इस चौराहे पर बीते कई दिनों से दुर्घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में इस चौराहे पर स्पीड ब्रेकर बनना जनहित के लिए अति आवश्यक है।