बांसी कस्बे के नरकटहा में स्थित ठोक फल मंडी में आग से जला हुआ सामान। संवाद
बांसी। एनएच-28 से सेट कस्बे के नरकटहा में स्थित ठोक फल मंडी के पिछले हिस्से में बुधवार की शाम आग लग जाने से दो फल व्यापारियों का काफी नुकसान हुआ है। आग को बुझाने में स्थानीय लोगों के साहस और फायर ब्रिगेड की कार्यकुशलता से समय से आग पर काबू पा लिया गया।
इससे एक बड़ा हादसा और करोड़ों के नुकसान से फल व्यापारी बच गए। मगर आग लगने से आसपास अफरा-तफरी का माहौल रहा। वहीं, आग के बुझ जाने के बाद भी मलबे से उठ रहे धुएं से लोग परेशान दिखे।
फल मंडी के पीछे के हिस्से में शमीम अहमद फ्रूट कंपनी के गोदाम में अज्ञात कारण से आग लग गई जो फैलकर महाराष्ट्र आलू व फ्रूट कंपनी के गोदाम तक पहुंच गई। आग ने एसी चैंबर को भी अपने जद में ले लिया। स्थानीय लोगों की कड़ी मेहनत और फायर सर्विस की टीम वाहन के साथ पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया। परिसर में 25 से अधिक फल के आढ़तियों की दुकान और गोदाम है। लोगों का मानना है कि यदि आग और फैलती तो इसकी जद में यह दुकानें भी आ जातीं और करोड़ों के नुकसान का सामना करना पड़ता। आग की लपटे इतनी ऊंची थी, जिसे देखकर फल के आढ़ती और पास की आबादी के लोग काफी डरे और सहमे हुए थे। इसके बावजूद लोगों ने साहस का परिचय देते हुए आग बुझाने में लग गए। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी रात नौ बजे मौके पर पहुंच गए और जायजा लिया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम निखिल चक्रवर्ती, कोतवाल मृत्युंजय पाठक आदि मौजूद रहे।