भनवापुर। ब्लॉक क्षेत्र सीएचसी सिरसिया में शुक्रवार को एएनएम व पर्यवेक्षकों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने निर्देशित कि एएनएम गांव में जाकर आशा बहुओं के कार्यों का भौतिक सत्यापन करें। कमी को मौके पर दूर करवाएं और उन्हें प्रशिक्षित करें।
अधीक्षक ने बताया कि एएनएम गर्भवतियों की गर्भावस्था के दौरान कम से कम चार बार सभी प्रकार की जांच करें, जिससे उच्च जोखिम के लक्षण की पहचान की जा सके और समय रहते चिकित्सीय इलाज एवं परामर्श देकर जच्चा व बच्चा को सुरक्षित किया जा सके। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान दी जाने वाली सेवाओं तथा बच्चों को दिए जाने वाले वैक्सीन के प्रति एएनएम की संवेदनशीलता से ही मातृ मृत्यु व शिशु मृत्यु को कम किया जा सकता है।अधीक्षक ने बताया कि एएनएम गर्भावस्था के दौरान कम हीमोग्लोबिन होने पर गर्भवतियों को आयरन-शुक्रोज की सभी डोज दिलवाने में सहयोग करें। बीसीपीएम मेराज अहमद व बीएमसी सूर्यदेव सिंह कहा कि एएनएम क्षेत्र में टीकाकरण व एएनसी की सुविधा लेने से छूटे हुए लाभार्थियों के घरों पर भ्रमण जरूर करें तथा सेवा लेने के लिए प्रेरित करें।
इस दौरान गुंजन, फरहा अंजुम, सोनिया वर्मा, निधि, आख्या, शालिनी सिंह, विमला गुप्ता, सुशीला, शशिकला, पूनम उपस्थित रहीं।