- गोरखपुर-आनंदनगर-बढ़नी-गोंडा रेल खंड के मध्य स्थित समपार फाटक का निरीक्षण
सिद्धार्थनगर। मंडल रेल प्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल गौरव अग्रवाल ने गोरखपुर-आनंदनगर-बढ़नी-गोंडा रेल खंड के मध्य स्थित समपार फाटक का निरीक्षण किया। उन्होंने गोंडा-आनंद नगर के मध्य बढ़नी व सिद्धार्थनगर स्टेशन के बीच स्थित समपार का निरीक्षण कर फाटकवाला की सतर्कता की जांच की। उन्होंने रेल संरक्षा और कर्मचारियों की सजगता भी परखी।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने निरीक्षण के दौरान कहा कि शीतकाल में रेल संरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल निरंतर सतर्क और सक्रिय है। उन्होंने गाड़ी खड़ी कर ड्यूटी पर तैनात गेटमैन की सतर्कता को जांची और कर्मचारियों से सुरक्षित ट्रेन परिचालन के संबंध में विस्तृत चर्चा की। जांच के दौरान सभी गेटमैन ड्यूटी पर सतर्क पाए गए। उन्होंने कर्मचारियों को रेल संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए और विशेष रूप से शीतकाल में कोहरे की स्थिति में अधिक सतर्कता बरतने पर बल दिया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि रेल संरक्षा हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से अपील है कि वे भी संरक्षा नियमों का पालन करें और किसी संदिग्ध स्थिति में तुरंत रेल अधिकारियों को सूचित करें। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) गौरव गुप्ता भी उपस्थित रहे।
-
ठंड व कोहरा में बरती जा रही सतर्कता
पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि शीत ऋतु में रेलवे की ओर से कई विशेष उपाय किए जा रहे हैं। गेटमैनों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा पटरी पर नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए हैं। कर्मचारियों की ट्रेनिंग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि वे कोहरे में सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित कर सकें।