- पथरा थाना क्षेत्र के पथरा डीह गांव का मामला, दो माह पहले भी प्रेमी के साथ चली गई थी पत्नी, पुलिस ने ढूंढ़कर पति को सौंपा था
- सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों ने दी सूचना, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
पथरा। थाना क्षेत्र के पथरा डीह गांव में बुधवार सुबह पत्नी के दोबारा प्रेमी के साथ चले जाने से आहत एक व्यक्ति ने घर के अंदर फंदे से लटककर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पथरा डीह निवासी तौलन (48) पुत्र श्रीराम की शादी करीब 25 वर्ष पहले हुई थी। दंपती के तीन बेटे हैं। बताया जा रहा है कि करीब दो माह पहले उसकी पत्नी का बांसी कोतवाली क्षेत्र के नरकटहा निवासी एक व्यक्ति से प्रेम संबंध हो गया था। इसके बाद वह करीब डेढ़ माह पहले उसके साथ चली गई थी। इस पर पति ने पथरा थाने में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने महिला को बरामद कर पति के सुपुर्द कर दिया था।
आरोप है कि बीते रविवार की रात महिला एक बार फिर अपने प्रेमी के साथ चली गई। इससे तौलन आहत था। पड़ोसियों के मुताबिक, मंगलवार शाम को वह खाना खाने के बाद सो गया था। बुधवार सुबह करीब आठ बजे तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने आवाज लगाई। कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो तौलन घर के अंदर छत की कुंडी के सहारे फंदे से लटका मिला। उसकी मौत हो चुकी थी। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पत्नी के चले जाने से व्यक्ति क्षुब्ध था। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।