- शोहरतगढ़ में सांसद जगदंबिका पाल और विधायक विनय वर्मा के बीच सियासी खींचतान की चर्चा तेज
सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट की दावेदारी की चर्चाएं तेज हो चुकी हैं। बढ़नी में हुई मारपीट इसी सियासी खींचतान का नतीजा बताई जा रही है। मौजूदा विधायक विनय वर्मा के समर्थकों को आशंका है कि सांसद परदे के पीछे अपने परिजन के लिए पैरवी कर रहे हैं। वहीं, सांसद के समर्थक उनकी अनदेखी का आरोप लगा रहे हैं।
जगदंबिका पाल भाजपा से सांसद है तो विनय वर्मा सहयोगी अपना दल (एस) के शोहरतगढ़ क्षेत्र से विधायक हैं। राजनीतिक गलियारों में आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर दोनों खेमों की महत्वाकांक्षाओं की चर्चा है। माना जा रहा है कि सांसद जगदंबिका पाल अपने परिजन के लिए टिकट की दावेदारी कर सकते हैं। ऐसे में क्षेत्र में राजनीतिक सक्रियता, जनसंपर्क और विकास कार्यों का श्रेय लेने की कोशिशों को भी सियासी नजरिये से देखा जा रहा है। अब 19.66 करोड़ रुपये की लागत से बढ़नी में प्रस्तावित सीएचसी भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में शनिवार को समर्थकों के बीच हुई मारपीट ने इस चर्चा को हवा दे दी है।
बढ़नी में सीएचसी भवन के शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक विनय वर्मा की ओर से होर्डिंग और पोस्टर लगाए गए थे। बताया जा रहा है कि इनमें सांसद का नाम नहीं होने पर दूसरे पक्ष की ओर से आपत्ति जताई गई। सांसद के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के दौरान विधायक के समर्थक भाजपा नेता प्रदीप कुमार ने विधायक के पक्ष में नारेबाजी की। इसके बाद विवाद बढ़ा और दोनों पक्ष के समर्थकों में मारपीट हो गई। कुछ लोग मंच पर चढ़ गए और प्रदीप कुमार के साथ मारपीट की।
000
विकास कार्यों के बहाने सियासी जमीन मजबूत करने की कोशिश
किसी परियोजना के शिलान्यास या उद्घाटन में किस नेता की कितनी भूमिका रही, मंच पर किसे प्रमुखता मिली और प्रचार सामग्री में किसका नाम रहा, चुनाव से पहले ये बातें अब राजनीतिक प्रतिष्ठा से जोड़कर देखी जा रही हैं। बढ़नी के मामले में भी यही सवाल विवाद की पृष्ठभूमि में सामने आए हैं। सेवानिवृत्त शिक्षक रमाकांत शर्मा ने कहा कि इस घटना से साफ है कि क्षेत्र की राजनीति में पद और राजनीतिक हिस्सेदारी हासिल करने के लिए लोग दूसरे पक्ष पर हमलावर हो रहे हैं। यह स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है।
000
राजनीति में अराजकता को बढ़ावा देने की कोशिश
वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक जानकार यशोदा श्रीवास्तव ने कहा कि शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में टिकट की दावेदारी को लेकर चल रही खींचतान के बीच यह घटना हुई है। इससे समाज में गलत संदेश गया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में अराजकता का दौर बहुत पहले समाप्त हो चुका था लेकिन अब उसे फिर से बढ़ावा देने की कोशिश हो रही है। सांसद या विधायक, किसी भी पक्ष की ओर से अराजकता करने वालों को प्रश्रय देना गलत है।
000
विधायक का पार्टी से नाता नहीं : जिलाध्यक्ष
अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर चौधरी ने कहा कि बढ़नी में हुए विवाद से पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। विनय वर्मा पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने थे। वर्तमान में वह केवल तकनीकी रूप से पार्टी से जुड़े हैं, पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं होते हैं। उनका पार्टी से कोई नाता नहीं है। गौरतलब है कि पूर्व में भी विधायक विनय वर्मा कई अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाने को लेकर चर्चा में रहे थे। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन से उनकी कहासुनी का वायरल हुआ वीडियो काफी चर्चा में रहा था।
दोनों नेताओं ने झाड़ा पल्ला
मारपीट की घटना के समय मैं मौके पर नहीं था। इस तरह की घटना निंदनीय है। पीड़ित पक्ष की मांग पर जांच कराकर कार्रवाई की जानी चाहिए।
- विनय वर्मा, विधायक
मारपीट की घटना से हमारा कोई लेना-देना नहीं है। विधायक के साथ मिलकर शिलान्यास कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का प्रयास किया।
- जगदंबिका पाल, सांसद