तुलसियापुर/ढेबरुआ। बढ़नी सीएचसी भवन के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान शनिवार को हुई मारपीट के मामले में पीड़ित प्रदीप कुमार ने तहरीर दी। रविवार को ढेबरुआ थाने में छह नामजद और आधा दर्जन अज्ञात लोगों पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की कोशिश और जान-माल की धमकी देने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के गोरखपुर क्षेत्रीय सह-संयोजक प्रदीप कुमार ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि घटना सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां बड़ी संख्या में लोग और पुलिसकर्मी मौजूद थे। पीड़ित ने घटना की पुष्टि के लिए कार्यक्रम स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों, वीडियो रिकॉर्डिंग और समाचार चैनलों पर प्रसारित फुटेज की जांच कराने की मांग की है।