भनवापुर। त्रिलोकपुर क्षेत्र के पलेशर गांव में बुधवार को शाम पुश्तैनी मकान के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के बीच हुए विवाद में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान एक भाई का सिर फट गया और कलाई और बांह में भी काफी चोटें आई हैं। पीड़ित ने त्रिलोकपुर पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना क्षेत्र के पलेशर गांव निवासी आत्मा प्रसाद ने त्रिलोकपुर पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि वे दो भाई हैं। बड़े भाई सुनील कुमार और वह छोटा है। उनका एक पुश्तैनी मकान पलेशर गांव के चौराहे पर है, जहां वह दुकान चलाता है। बुधवार को शाम करीब साढ़े पांच बजे बड़े भाई सुनील कुमार, उनकी पत्नी और बच्चे दुकान पर पहुंचकर ताला लगाने लगे। इसका विरोध करने पर उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस वारदात में आत्मा प्रसाद का सिर फट गया, बांह में भी घाव हो गया और कलाई में काफी चोटें आई हैं। इलाज के लिए सीएचसी सिरसिया ले गए, जहां डाॅक्टरों ने आत्मा प्रसाद को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर विपिन सिंह राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मेडिकल के लिए भेजा गया है, इसकी जांच की जा रही है।प