- सदर थाना क्षेत्र के पुराना नौगढ़ में का मामला, पेट में कई वार करने का आरोप, घायल की हालत गंभीर
- हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में तीन आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज
सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के पुराना नौगढ़ में पान-गुटखा लेने की बात को लेकर हुए विवाद में तीन लोगों ने एक बुजुर्ग पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना 26 अक्तूबर की रात करीब आठ बजे की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
बर्डपुर नंबर 12 के टोला सोनपुर निवासी रजीबुल्लाह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पान-गुटखा लेने की बात पर विवाद हुआ था। इसी दौरान दिलशाद निवासी पिछौरा, आमिर निवासी कंचनपुर और शहबाज निवासी बर्डपुर नंबर 12 के टोला रतनपुरवा ने उनके 68 वर्षीय पिता असदुल्लाह के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से उनके पेट में कई बार वार किए गए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
शहर कोतवाल नवीन कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।