- भनवापुर क्षेत्र के गालापुर वटवासिनी मंदिर में परिसर में आयोजित हुआ कार्यक्रम
भनवापुर। शारदीय नवरात्रि के पंचमी के अवसर पर शनिवार की देर शाम डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के मां वटवासिनी गालापुर महाकाली मंदिर में दीपोत्सव, देवी जागरण और फलाहार कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। श्रद्धा-भक्ति और हर्षोल्लास से संपन्न इस कार्यक्रम में भारी संख्या में भक्त मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, सदर विधायक श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, एसडीएम राजेश कुमार, ठाकुर प्रसाद मिश्रा व विनोद बाबा ने दीप प्रज्ज्वलित कर की।
मां की पूजन व गणेश वंदना के साथ जागरण का शुभारंभ हुआ। भजन गायकों श्रवण सुल्तानपुरी, अंशिका लहरी, विजय सोनकर, अमरमणि दुबे व राजन पांडेय रत्न ने देवी भजनों की प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय बना दिया। श्रवण सुल्तानपुरी ने हे वटवासिनी मैया तोहर जय जयकार बा…, जय जय जय बजरंग बली…, बम बम बोल रहा है काशी…, जैसे गीतों से श्रोताओं को खूब झुमाया। अंशिका लहरी ने दिल भीतरिया मईया हो…, और मां दुर्गा भवानी…, जैसे भजनों से समां बांधा। विजय सोनकर ने तूने मुझे बुलाया शेरावालिए…, प्रस्तुत कर भक्तों को मंत्रमुग्ध किया। भजनों और नृत्य-झांकियों के बीच श्रद्धालु देर रात तक थिरकते रहे और जयकारे लगाते नजर आए।
राहुल झमाझम ग्रुप लखनऊ के कलाकारों ने महिषासुर वध, मां शेरावाली, भगवान शंकर-पार्वती, गणेश, मां काली, हनुमान के रुद्र रूप, राधा-कृष्ण का मयूर नृत्य और श्रीराम दरबार की भव्य झांकी प्रस्तुत कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वाद्ययंत्रों पर अभय पांडेय (तबला) और विवेक पंडित (कीबोर्ड) ने कार्यक्रम को और रोचक बना दिया। पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी कलाकारों को अंगवस्त्र व माता की चुनरी भेंटकर सम्मानित किया और बताया कि धार्मिक कार्यक्रमों से धर्म के प्रति उत्सुकता और लोगों का मनोबल बढ़ता है। देवी उपासना से शक्ति प्राप्त होती है। भक्तों ने भारी संख्या में सम्मलित होकर प्रसाद ग्रहण किया।
इस दौरान लवकुश ओझा, डॉ. दशरथ चौधरी, चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू चौधरी, धर्मराज वर्मा, मधुसूदन अग्रहरि, दिलीप उर्फ छोटे पांडेय, लालजी शुक्ल, राजन अग्रहरि आदि मौजूद रहे।