तुलसियापुर। बढ़नी ब्लाॅक क्षेत्र के तुलसियापुर चौराहे पर शुक्रवार को जन आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया गया। इसमें नगर विकास व ऊर्जा मंत्री डाॅ. एके शर्मा ने सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तीन साल में जिले के नगर निकाय में दो हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य हुए।
उन्होंने कहा कि डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल की लोकप्रियता व क्षेत्र के विकास के लिए लगातार किए जा रहे प्रयास को देखकर मुझे इनसे ईर्ष्या होती है। इस दौरान वहां मौजूद लोग हंस पड़े। कहा कि उन्हीं के प्रयास से तीन वर्ष में नगर विकास विभाग से सिद्धार्थनगर जिले के सभी नगर निकायों में दो हजार करोड़ रुपए के विकास के काम हुए हैं। जिसमें दो तिहाई हिस्सा सांसद के कारण संभव हुआ है। इस दौरान उन्होंने सांसद जगदंबिका पाल को जन्मदिन की शुभकामना देते हुए कहा कि आरडीएसएस योजना के तहत सांसद के कारण ही जिन गांवों में विद्युतीकरण नहीं हुआ था, वहां बिजली आपूर्ति की गई है।
इस दौरान सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। 11वें अर्थव्यवस्था से भारत चौथी अर्थव्यवस्था बन गई है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, गोविंद माधव, सच्चिदानन्द पांडेय, साधना चौधरी, लालजी त्रिपाठी, चिनकू यादव, राजेन्द्र पांडेय, रवि अग्रवाल माैजूद रहे।