सिद्धार्थनगर। जिले में क्रिकेट का जुनून इस कदर बढ़ रहा है कि अब छोटे बच्चे भी देश के लिए खेलने का सपना सजोएं हर रोज जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम के ग्राउंड की तरफ रुख कर रहे हैं। हाथों में बल्ला, कंधे पर छोटा किटबैग और आंखों में बड़े सपने लेकर ये बच्चे सुबह और शाम को अभ्यास के लिए मैदान में पहुंच जाते हैं।
स्टेडियम में वर्तमान समय में क्रिकेट के 80 खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसमें से लगभग 25 ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जिनकी उम्र अभी 5 से 10 वर्ष के ही बीच ही है।
इनका क्रिकेट के प्रति जुनून देखते ही बनता है। कोच विपिन त्रिपाठी के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में अंडर-12 और अंडर-14 आयु वर्ग में खिलाड़ियों की संख्या बढ़ी है।
अभिभावक भी बच्चों को खेल के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं, जिससे स्टेडियम में हर दिन नई ऊर्जा और उत्साह दिखाई दे रहा है। अभ्यास के दौरान बच्चे बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फिटनेस ड्रिल में पूरी लगन से हिस्सा ले रहे हैं।
प्रशिक्षक ने बताया कि कम उम्र में खेल की शुरुआत बच्चों की तकनीक को मजबूत करने के साथ ही उनके आत्मविश्वास और अनुशासन को भी बढ़ाती है।
नन्हे खिलाड़ियों में जो जोश दिखाई दे रहा है, उससे साफ है कि आने वाले समय में जिले से कई प्रतिभाएं उभरकर सामने आएंगी। मैदान में चौकों-छक्कों की खुशी और साथियों का उत्साह सब मिलकर स्टेडियम को इन दिनों एक छोटे क्रिकेट टीम का रूप दे रहा है।