सिद्धार्थनगर। बीएसए ग्राउंड पर आयोजित सिद्धार्थनगर महोत्सव में शामिल होने आए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के ग्राम पंचायत धेंसा में प्रस्तावित चौपाल कार्यक्रम के कारण शुक्रवार को हाईवे को दो स्थानों पर पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इससे बर्डपुर-बस्ती मार्ग पर लगभग आधे घंटे तक आवागमन ठप रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे महोत्सव स्थल से निकलकर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य बाया रोड धेंसा के लिए रवाना हुए। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस व प्रशासन द्वारा साड़ी तिराहा से पहले, सनई के पास तथा शोहरतगढ़ की ओर से आने वाले वाहनों को धेंसा से पहले ही रोक दिया गया। करीब आठ किमी के दायरे में बाया रोड पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रहा, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। तीनों दिशाओं से लगातार आने वाले वाहनों के रुकने से स्थिति और भी बिगड़ गई। लोग जाम में फंसे रहे और गर्मी में परेशान नजर आए। डिप्टी सीएम के धेंसा पहुंचने के बाद ही वाहनों का आवागमन बहाल किया गया। हालांकि, यह प्रक्रिया दो बार अपनाई गई, जिससे आमजन को बार-बार जाम की समस्या से जूझना पड़ा।