- कांग्रेस ने डीएम कार्यालय पर धरना देकर सौंपा ज्ञापन, सभी सीएचसी-पीएचसी में पर्याप्त स्टॉक की मांग
- 24 घंटे उपचार, ऑक्सीजन, जीवनरक्षक दवाओं और जरूरी उपकरणों की व्यवस्था कराने की उठाई आवाज
सिद्धार्थनगर। जिले में सर्पदंश से हो रही मौतों पर रोक लगाने और ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी अस्पतालों में एंटी-स्नेक वेनम (एएसवी) की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। इसमें सभी सीएचसी, पीएचसी और ग्रामीण अस्पतालों में एएसवी का पर्याप्त स्टॉक रखने के साथ 24 घंटे उपचार, ऑक्सीजन, जीवनरक्षक दवाओं और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वांचल प्रभारी अभिषेक दत्त ने कहा कि सर्पदंश से होने वाली मौतें केवल स्वास्थ्य समस्या नहीं बल्कि ग्रामीण गरीबों के जीवन से जुड़ा गंभीर जनहित का मुद्दा हैं। समय पर एंटी-स्नेक वेनम और उपचार उपलब्ध होने से बड़ी संख्या में लोगों की जान बचाई जा सकती है। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह ने कहा कि गांवों में सर्पदंश की घटनाओं के बाद समय से इलाज नहीं मिलना चिंताजनक है। सरकार को ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के साथ एंबुलेंस और स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। जिलाध्यक्ष काजी सुहेल अहमद ने कहा कि जिले का बड़ा हिस्सा ग्रामीण और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है। ऐसे इलाकों में सर्पदंश की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं।
धरने में पूर्व विधायक चौधरी रविंद्र प्रताप, बख्तियार उस्मानी, अभिनय राय, जावेद मोकीम, बस्ती कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ चौधरी, पंकज चतुर्वेदी, डॉ. नादिर सलाम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।