सिद्धार्थनगर। जिले में खाद की काला बाजारी और प्राइवेट दुकानों पर मनमानी वसूली के खिलाफ मंगलवार को सपा नेता कमाल अहमद खान ने अपने समर्थकों के साथ जिला कृषि अधिकारी से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। जल्द किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिलने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
कमाल खान ने आरोप लगाते हुए कहा कि कई निजी विक्रेता खाद का दाम दोगुने में बेच रहे हैं और भारी मात्रा में खाद नेपाल भेजी जा रही है, जिसके कारण स्थानीय किसानों को भारी संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि प्राइवेट दुकानों की जांच कराई जाए, दोगुने दाम वसूलने वाले लाइसेंसधारी दुकानदारों पर कार्रवाई हो, सीमा पार खाद तस्करी पर सख्त रोक लगाई जाए। कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान मो. जफर, रियाज खान, विशाल दुबे, गौरव जायसवाल, मो. फैजल, अन्नू, सत्या त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।