-अब महंगाई का दिखने लगा किचन के बजट पर असर
डुमरियागंज। अभी तक महंगाई की मार से दूर रही हरी सब्जियां भी अब लोगों की जेब निचोड़ने लगी हैं। पवित्र श्रावण मास के साथ ही अब हरी और मौसमी साग-सब्जी की मांग काफी बढ़ गई है। इससे इनके दामों में काफी इजाफा हो गया है। 30-40 रुपये प्रति किलो बिकने वाले परवल, भिंडी, नेनुआ और तरोई दोगुने दाम में बेची जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार डुमरियागंज मंदिर चौराहा के निकट, बैदोलागढ़, शाहपुर, हल्लौर, बेवां चौराहा, मोतीगंज, भवानीगंज, भारतभारी, भडरिया, खरकट्टी आदि स्थानों पर सब्जी की दुकानों पर खरीद-फरोख्त बढ़ गई है। श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही साग, सब्जी का दाम बढ़ गया है। इससे आने वाले रक्षाबंधन, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आदि त्योहारी सीजन में हरी सब्जियों का दाम और बढ़ने से इन्कार नहीं किया जा सकता है।
बढ़ती महंगाई से दुकानदार भी परेशान
डुमरियागंज में सब्जी विक्रेता गुड्डू, आसिफ, लक्ष्मण, इदरीश, छोटे ने बताया कि शाहपुर सब्जी मंडी से हमें इस समय महंगे दाम में एक सप्ताह से मिल रही है। इससे हम भाड़ा और अपनी मजदूरी जोड़कर टमाटर 60 रुपये, परवल 80, तरोई 80-100, भिंडी 40-60 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रही है।