सिद्धार्थनगर। कड़ाके की ठंड में अंडे के कारोबार में तेजी आई है। लोग लजीज पकवानों के साथ सर्दी में अंडों का खूब सेवन कर रहे हैं। ऐसे में अंडे का कारोबार बढ़ गया है। कारोबारियों के अनुसार जिले में प्रतिदिन करीब दो लाख अंडे की खपत हो रही है। वहीं, पिछले महीने की अपेक्षा 60 रुपया प्रति ट्रे अंडे के रेट बढ़ गए हैं।
मुर्गी का अंडा शरीर को अंदर से गर्म रखता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होता है। दिसंबर माह के अंत में भीषण ठंड शुरू हो गई है। विटामिन, मिनरल से युक्त पौष्टिक आहार से अंडे को लोग ऑमलेट, हाफ फ्राई, एग रोल, अंडा करी के साथ इसे उबाल कर इस्तेमाल कर रहे हैं। शहर के स्टेशन रोड, उसका मार्ग सहित अन्य मार्गों पर जगह-जगह एग कॉर्नर लगाकर लोग उबले अंडे, फ्राई करके बेच रहे हैं।
ठंड में अंडे का मांग बढ़ने से दाम में अधिक उछाल आया है। नवंबर माह में जो अंडे का ट्रे 180 रुपया में मिलता था वह अब 240 रुपया में बिक रहा है। अंडे का विक्रेता सुनील ने बताया कि बाजार में 240 रुपये ट्रे तक बेचा जा रहा है। गर्मियों में एक ट्रे की कीमत 180 रुपये तक थी।