भवानीगंज/शाहपुर। शाहपुर स्थित हिंदू भवन में बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी के भनवापुर मंडल की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल प्रभारी और जिला उपाध्यक्ष विजयकांत चतुर्वेदी, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह और ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पंडित लवकुश ओझा की मौजूदगी में आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
बैठक में बूथ सशक्तीकरण, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियान और केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं।