दो समुदायों में झड़प होने के बाद सीओ व एसओ दोनों पक्ष के साथ बैठक करते हुए।
शोहरतगढ़। बारावफात पर्व का गेट लगाने को लेकर शुक्रवार की सुबह दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। बताया जा रहा कि मुस्लिम समुदाय की ओर से गेट लगाया जा रहा था, उसी दौरान हिंदू समुदाय के लोगों ने विरोध किया तो बहस बढ़ गई। इससे मौके पर पुलिस को बुलाना पड़ा।
सूचना पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, सभासद राजकुमार मोदनवाल, बब्लू गौड़, वकील खां मौके पर पहुंच मामले को शांत कराने लगे। घटना की सूचना मिलते ही सीओ प्रवीण राज व थाना प्रभारी बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंच मामले को शांत कराया। दोनों समुदाय के लोगों को थाना पर बुलाकर समझाया बुझाया गया।
सीओ ने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का तेज आवाज वाला हाथ गोले का प्रयोग नहीं करेगा और न ही किसी भी धर्म के भावनाओं के साथ खिलवाड़ करते हुए आपत्तिजनक शब्द का प्रयोग नहीं करेगा।
बैठक में नगर पंचायत के जामा मस्जिद के पास चौराहा पर मीट मुर्गा की बिक्री बंद करने का मामला उठने पर अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने कहा कि एक हफ्ते के अंदर सभी दुकानों को यहां से हटाने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने कहा कि खुले में जानवरों को काटकर बिक्री नहीं करने दी जाएगी।