मिश्रौलिया क्षेत्र में घटना स्थल पर राेते बिलखते परिजन। संवाद
मिश्रौलिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के भलुही गांव के बुद्धिराम निषाद (28) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। गांव के समीप स्थित समय माता मंदिर के पास सोमवार सुबह पेड़ की डाल से फंदे के सहारे उसका शव लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके से आई पत्नी ने ससुराल के लोगों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। उसने आरोप लगाया कि उत्पीड़न से तंग आकर युवक ने खुदकुशी की है। हालांकि महिला ने अभी तक पुलिस को तहरीर नहीं दी है।
जानकारी के अनुसार भलुही गांव निवासी बुद्धिराम निषाद (28) पुत्र भारत निषाद सोमवार की भोर में गांव के पूरब स्थित पीडब्ल्यूडी सड़क के निकट समय माता मंदिर के पास एक पाकड़ के पेड़ से गले में रस्सी के फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। खेत की ओर से निकले ग्रामीणों ने शव को देखकर शोर मचाया तो लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने शव की पहचान बुद्धिराम निषाद के रूप में की। इसकी जानकारी मृतक के माता-पिता को दी गई। भारत निषाद अपनी पत्नी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर उनके पैर तले जमीन खिसक गई। घटना की सूचना पाकर एसओ मिश्रौलिया राजेश कुमार तिवारी मय फोर्स मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम की घटनास्थल की जांच-पड़ताल की।
पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसओ मिश्रौलिया राजेश कुमार तिवारी ने बताया मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंच गए थे। पिता की सूचना पर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।