- डायट पर शिक्षकों के लिए आयोजित हुई योग प्रतियोगिता
सिद्धार्थनगर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बांसी में सोमवार को प्रत्येक ब्लॉक से चयनित दो-दो अध्यापकों के बीच योग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विजयी शिक्षकों को राज्य स्तर पर प्रतिभाग के लिए भेजा जाएगा। योग प्रतियोगिता के महिला वर्ग में कंपोजिट स्कूल जनियाजोत बांसी की सीमा निषाद को प्रथम स्थान मिला। प्राथमिक विद्यालय बिहरा की पुनीता राय द्वितीय और तृतीय स्थान पर नौगढ़ के कपिया बकुनिहा ग्रांट की मंजुला पांडेय रहीं। इसी तरह पुरुष वर्ग में भनवापुर के प्राथमिक विद्यालय गौरा बड़हरी के अंकुर यादव को प्रथम स्थान, बर्डपुर के महदेइया के अभिनव मालवीय को द्वितीय और प्राथमिक विद्यालय देवीनगर शोरतगढ़ के पिंटू कुमार को तीसरा स्थान मिला। योग कार्यक्रम की नोडल मंजुला यादव ने बताया कि अब यह शिक्षक राज्य स्तर पर प्रतिभाग करेंगे। वरिष्ठ प्रवक्ता लालजी कुमार पांडेय ने कहा कि स्वस्थ रहने के लिए योग को जीवन हिस्सा बनाएं। नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है और एकाग्रता बढ़ता है। इसके बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिया गया। इस दौरान डायट प्रवक्ता श्रवण कुमार, मोहम्मद यूनुस, धर्मेंद्र कुमार, अनुराग कुमार श्रीवास्तव, डॉ. प्रतिभा सिंह, महेंद्र यादव आदि उपस्थित रहे।