खुनियांव ब्लाक क्षेत्र के पजौहा स्थिति राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का भवन झाड़ियों के बीच
भनवापुर। क्षेत्र के युवाओं को आसानी से व्यवसायिक शिक्षा दिलाने के उद्देश्य से खुनियांव ब्लाॅक क्षेत्र के पजौहा में बनाया गया राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) क्षेत्र के लोगों के लिए बेमतलब साबित हो रहा है।
करीब 10 करोड़ की लागत से बना आईटीआई काॅलेज आठ साल पहले बन कर तैयार हो गया है। मगर जिम्मेदारों के लापरवाही का भेंट चढ़ा यह काॅलेज अभी विभाग को हस्तांतरित भी नहीं किया जा सका है। क्षेत्र के युवाओं अपनी व्यवसायिक शिक्षा के लिए इधर उधर भटकने को मजबूर हैं और बाहर नामांकन करा कर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
शनिवार को डीएम शिव शरणाप्पा जीएन के संज्ञान में आने के बाद लोगों में इस आईटीआई कालेज के संचालन की उम्मीद जगी है। क्षेत्र के अनुराग, गणेश, विशाल, रामदीन, आदि ने बताया कि कि राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पजौहा का निर्माण पूरा होने के बाद से इसका ताला नहीं खुला। परिसर में उगे झाड़ियों के बीच छिपे काॅलेज की खिड़कियां, दरवाजा, फाटक आदि सड़ कर खराब हो चुके हैं।
आठ साल पहले बने आईटीआई काॅलेज का संचालन हो जाता तो आज क्षेत्र के सैकड़ों युवा व्यवसायिक शिक्षा पूर्ण कर रोजगार प्राप्त करते और बाहर शिक्षा के लिए भटकना नहीं पड़ता। इतना ही नहीं अभी यह भवन विभाग को हस्तांतरित भी नहीं किया गया है।