- लोटन-सोहास मार्ग पर बरवां गेट के सामने हुआ हादसा, दोनों की हालत गंभीर
लोटन। कोतवाली क्षेत्र के लोटन-सोहास मार्ग पर बरवां गेट के सामने बुधवार दोपहर करीब दो बजे कार की टक्कर से साइकिल सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बरवां निवासी इसहाक (52) और उनकी पत्नी शाहजहां (48) के सिर में गंभीर चोटें आईं। दोनों को सीएचसी लोटन में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया गया।
परिजन के अनुसार शाहजहां को बुखार था। इसहाक उन्हें साइकिल पर बैठाकर बनियाडीह चौराहे पर दवा दिलाने गए थे। दवा लेकर दोनों साइकिल से लौट रहे थे। बरवां गेट के पास घर की ओर मुड़ने के दौरान नौगढ़ की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सीएचसी लोटन पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया। परिजन के मुताबिक दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।