तुलसियापुर। सहकारी समितियों के कर्मचारियों ने लंबित वेतन भुगतान और वेतन संबंधी समस्याओं की मांग को लेकर आंदोलन का एलान किया है। साधन समिति सचिव परिषद, उत्तर प्रदेश के आह्वान पर 22 अक्तूबर से लखनऊ के इको गार्डन में अनवरत धरना-प्रदर्शन होगा। इसमें सिद्धार्थनगर के कर्मचारी भी शामिल होंगे।
जिलाध्यक्ष कृष्ण मोहन सिंह और जिला महामंत्री राजेंद्र प्रसाद ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने 7 सितंबर 2026 को आयुक्त व निबंधक, सहकारिता को पत्र भेजकर मांगें रखी थीं। कई बैठकों में कार्रवाई का आश्वासन मिला, पर कोई ठोस आदेश नहीं आया। नाराज कर्मचारियों ने सात अक्तूबर को लखनऊ स्थित आयुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया। अधिकारियों ने एक सप्ताह का समय मांगा, पर वेतन मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई।