- दिवाली पर मिट्टी के दीयों और पारंपरिक खिलौनों की बढ़ी मांग, अधिक मेहनत के बाद भी सीमित मुनाफा
- बिजली की अनियमित आपूर्ति से इलेक्ट्रॉनिक चाक का नहीं मिल रहा पूरा लाभ
सकरपार। चाक पर घूमती मिट्टी के साथ कुम्हारों की उम्मीदें भी आकार ले रही हैं। दिवाली नजदीक आते ही दीये और पारंपरिक खिलौने बनाने में जुटे कुम्हार परिवारों की व्यस्तता बढ़ गई है। अधिक मेहनत और कम मुनाफे के बावजूद उन्हें उम्मीद है कि मिट्टी के दीयों की रोशनी उनके घरों में भी खुशहाली लाएगी।
खेसरहा क्षेत्र के सेमरा मुस्तहकम निवासी कुम्हार गयादीन प्रजापति बताते हैं कि मिट्टी के बर्तन और दीये बनाना उनके परिवार का पुश्तैनी कारोबार है। इसी हुनर के सहारे परिवार की आजीविका चलती है। आधुनिकता के दौर में भी उन्होंने इस कला को सहेज रखा है। सरकार की ओर से उन्हें इलेक्ट्रॉनिक चाक मिला है, जिससे कम समय में अधिक सामान तैयार किया जा सकता है। लेकिन बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण इसका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
गयादीन के मुताबिक, हाथ से चलने वाले चाक पर एक दिन में करीब 1500 दीये तैयार किए जा सकते हैं। वहीं, बिजली नियमित मिले तो इलेक्ट्रॉनिक चाक से करीब 2500 दीये बनाए जा सकते हैं। उनका कहना है कि समय से बिजली मिले तो उत्पादन बढ़ने के साथ आमदनी में भी सुधार हो सकता है।
कमाई से ज्यादा मेहनत, फिर भी नहीं छोड़ा पुश्तैनी काम
गयादीन बताते हैं कि बाजार में दीये 200 रुपये सैकड़ा और कुल्हड़ 150 रुपये सैकड़ा बिकते हैं। परई, धूतू और चकिया 10 रुपये प्रति पीस तथा कोसा पांच रुपये प्रति पीस बिकता है। कलश की कीमत 50 से 100 रुपये तक है। मिट्टी जुटाने से लेकर सामान तैयार करने, सुखाने और पकाने तक काफी मेहनत करनी पड़ती है। इसके बावजूद मुनाफा सीमित रहता है। फिर भी परिवार के लोग इस पुश्तैनी काम को छोड़ना नहीं चाहते।
मिट्टी के दीयों से परंपरा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
दिवाली पर मिट्टी का दीया जलाने की परंपरा सदियों पुरानी है। तेल और बाती से जलने वाला दीपक घर-आंगन में पारंपरिक रोशनी बिखेरता है। पूजा-पाठ, शादी-विवाह और अन्य मांगलिक अवसरों पर भी मिट्टी के बर्तनों का विशेष महत्व है। आधुनिक सजावटी सामान के बढ़ते चलन के बावजूद मिट्टी के उत्पादों की अपनी अलग पहचान बनी हुई है। प्राकृतिक मिट्टी से तैयार होने वाले दीये पर्यावरण के लिहाज से भी उपयोगी माने जाते हैं।
कुम्हार परिवारों की आजीविका का सहारा है कारोबार
दिवाली का त्योहार कुम्हार परिवारों के लिए कमाई का महत्वपूर्ण अवसर होता है। त्योहार नजदीक आते ही परिवार के सभी सदस्य काम में जुट जाते हैं। कोई मिट्टी तैयार करता है तो कोई चाक पर दीये और बर्तन बनाता है। इसके बाद उन्हें सुखाने और पकाने का काम किया जाता है। दीयों के साथ मटके, घड़े, गुल्लक और बच्चों के पारंपरिक खिलौने भी तैयार किए जाते हैं। स्थानीय स्तर पर मिट्टी के दीयों की खरीदारी से कुम्हार परिवारों को सीधे रोजगार मिलता है। ऐसे में मिट्टी के दीये खरीदना केवल परंपरा को जीवित रखना नहीं बल्कि पुश्तैनी हुनर को बचाने और स्थानीय कारीगरों की आजीविका को सहारा देने का भी माध्यम है।