सिद्धार्थनगर। ब्लॉक संसाधन केंद्र जोगिया में शनिवार को जिला स्तरीय राष्ट्रीय आविष्कार अभियान प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ बीएसए शैलेश कुमार ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया।
बीएसए ने कहा कि राष्ट्रीय आविष्कार अभियान बच्चों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तर्कशीलता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिससे वे भविष्य की चुनौतियों का समाधान खोजने में सक्षम बनते हैं।
कार्यक्रम में विकासखंड स्तर पर चयनित 70 बच्चों ने अपना माॅडल बनाया और क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। इसके अंतर्गत आयोजित मॉडल प्रदर्शनी में छात्रों द्वारा राॅकेट लांचर, दिन रात का घटित होना, निपुण रोबोट, वाटर प्योरीफायर, उड़नखटोला सहित कई नवाचारी और उपयोगी मॉडल प्रस्तुत किए गए। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पांच विजेताओं को टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया।