- रतनसेन डिग्री कॉलेज में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का जिला स्तरीय आयोजन , 19 उत्कृष्ट प्रोजेक्ट राज्य स्तर के लिए होंगे चयनित
बांसी। रतनसेन डिग्री कॉलेज में सोमवार को जिला स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन किया जाएगा। इसमें जिले के बाल वैज्ञानिक अपने शोध और नवाचार पर आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे। नोडल ब्लॉक स्तर पर प्रस्तुत प्रोजेक्ट में से चयनित 100 टीमों को जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग का अवसर मिला है। इनमें से 19 उत्कृष्ट प्रोजेक्ट राज्य स्तरीय आयोजन के लिए चुने जाएंगे।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला एकेडमिक समन्वयक डॉ. हंसराज कुशवाहा और जिला समन्वयक अंशुमान सिंह ने बताया कि भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय विज्ञान व प्रौद्योगिकी संचार परिषद की ओर से यह कार्यक्रम संचालित किया जाता है। इस वर्ष इसका मुख्य विषय ''सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार'' रखा गया है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों ने अपने आसपास की स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनके वैज्ञानिक समाधान पर आधारित प्रोजेक्ट तैयार किए हैं। इसके लिए एनसीएससी पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण और प्रोजेक्ट के सारांश जमा किए गए हैं। जिला स्तर पर चयनित 100 प्रोजेक्ट का प्रस्तुतीकरण होगा। इनका मूल्यांकन उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े 12 सदस्यों की जिला अकादमिक समिति करेगी। समिति इनमें से 19 उत्कृष्ट प्रोजेक्ट का चयन राज्य स्तरीय कार्यक्रम के लिए करेगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, रचनात्मकता और अनुसंधान क्षमता विकसित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। इसमें निर्धारित आयु वर्ग के विद्यार्थी जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रतिभाग करेंगे।
इस संबंध में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार ने पत्र जारी कर सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, चयनित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, विज्ञान शिक्षकों और विद्यार्थियों से कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कराने को कहा है।