कृष्ण-सुदामा की मित्रता का प्रसंग सुन भाव विभोर हुए श्रद्धालु
चिल्हिया। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के बभनी गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के सातवें और अंतिम दिन रविवार शाम कथावाचक पं. अजय कुमार तिवारी ने कृष्ण-सुदामा की मित्रता का प्रसंग सुनाया। कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। उन्होंने कहा कि सच्ची मित्रता कैसे निभाई जाती है, यह भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा के जीवन से सीखा जा सकता है।
कथावाचक ने बताया कि पत्नी के बार-बार आग्रह करने पर सुदामा अपने बालसखा श्रीकृष्ण से मिलने द्वारका पहुंचे। महल के द्वार पर द्वारपालों ने उन्हें साधारण व्यक्ति समझकर रोक दिया। इस पर सुदामा ने अपना परिचय देते हुए स्वयं को श्रीकृष्ण का मित्र बताया। द्वारपालों से सुदामा के आने की सूचना मिलते ही भगवान श्रीकृष्ण उनसे मिलने दौड़ पड़े। उन्होंने अपने सखा को गले लगाया और सम्मानपूर्वक महल में ले जाकर उनका अभिनंदन किया।
कृष्ण-सुदामा की मित्रता का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भाव विभोर हो गए और श्रीकृष्ण के जयकारे लगाने लगे। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।
इस दौरान रमेश चौहान, रामभवन वर्मा, फेरई चौहान, डॉ. संतोष तिवारी, डॉ. विनोद तिवारी और विशाल तिवारी आदि मौजूद रहे।