भारतभारी मां दुर्गा की मूर्ति का विसर्जन की निकाली गई शोभायात्रा। संवाद
डुमरियागंज। नवरात्र की पंचमी से स्थापित डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के हल्लौर, भटगवां, बेंवा, भानपुररानी, परसा पंडित, महुआरा, बयारा सहित विभिन्न स्थानों की दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन सोमवार की देर शाम को विधि-विधान और परंपरागत तरीके से कर दिया गया।
इस अवसर पर निकाली गई मां दुर्गा की प्रतिमाओं की शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मां जगदंबे के जयकारों के बीच भक्तो ने नाच-गाकर और अबीर गुलाल से सराबोर होकर मां भगवती को विदाई दी। इस दौरान आतिशबाजी भी की। डुमरियागंज क्षेत्र के भानपुररानी में चल रहे मां दुर्गा पूजा समारोह से संबंधित समस्त प्रतिमाओं का सोमवार की शाम को भुवनेश्वरनाथ मंदिर स्थित पोखरे में आरती और क्षमा याचना के बाद मातारानी के गगनभेदी जय जयकारों के बीच विसर्जन कर दिया गया। विसर्जन के पूर्व मां दुर्गा, सहित भगवान गणेश, मां लक्ष्मी, कार्तिक, सरस्वती की प्रतिमाओं को ग्रामवासियों के दर्शन के लिए पूरे गांव में घुमाया गया।
जिस रास्ते से भी मातारानी की प्रतिमा निकली लोगों ने जयकारों के साथ स्वागत किया। पुलिस प्रशासन ने विसर्जन के जुलूस को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। डुमरियागंज क्षेत्र के हल्लौर और भटगवा में डुमरियागंज थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव व एसआई मनोज कुमार पटेल, रामनिरंजन सहित पुलिस और पीएसी के जवान मुस्तैद रहे।
इस दौरान अमन चैन कमेटी अध्यक्ष ओमप्रकाश श्रीवास्तव, संतोष सैनी, अभिषेक श्रीवास्तव, संतोष अग्रहरि, शिवकुमार, अभय श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।