- परिवार का मुखिया पोर्टल पर 40 सवालों के जवाब देकर खुद दर्ज कर सकेगा जानकारी
- एक दिसंबर से चार जनवरी तक घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, 6663 कर्मचारी लगाए गए
सिद्धार्थनगर। जनगणना-2027 के तहत अब परिवार का मुखिया 30 नवंबर तक घर बैठे पोर्टल के माध्यम से स्वगणना कर सकता है। इसके लिए मोबाइल नंबर दर्ज कर 40 सवालों के जवाब देने होंगे। प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक एसई आईडी जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा। एक दिसंबर से घर पहुंचने वाले प्रगणक को यह आईडी उपलब्ध कराने पर जनगणना की प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सकेगी।
जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या की गणना के तहत 16 नवंबर से स्वगणना शुरू हो गई है। प्रगणक और पर्यवेक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को इसके लिए जागरूक कर रहे हैं। स्वगणना की सुविधा 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे।
एडीएम एवं जिला जनगणना अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनगणना-2027 देश की पहली पूर्ण रूप से डिजिटल जनगणना है। इसमें पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से काम किया जाएगा। पहली बार लोगों को स्वगणना की सुविधा भी दी गई है। सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से जनगणना के कार्यों की निगरानी और प्रबंधन किया जाएगा, जबकि प्रगणक और पर्यवेक्षक मोबाइल एप से आंकड़े दर्ज करेंगे।
उन्होंने बताया कि जनगणना के दौरान कोई भी प्रगणक या पर्यवेक्षक लोगों से कोई दस्तावेज दिखाने के लिए नहीं कह सकता। जनगणना में जातिगत गणना का भी प्रावधान है लेकिन इसके लिए भी किसी से जाति प्रमाणपत्र या अन्य साक्ष्य नहीं मांगा जाएगा।
6663 प्रगणक और पर्यवेक्षक संभालेंगे जिम्मेदारी
जिले में जनगणना के द्वितीय चरण का कार्य पूरा कराने के लिए कुल 6663 प्रगणक और पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। ये कर्मचारी एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर परिवारों की जानकारी दर्ज करेंगे।
अधिक से अधिक परिवार 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना करें। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी के बीच घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक जानकारी देकर जनगणना अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।
- बलराम सिंह, सीडीओ एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी