बांसी। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के चेतिया चौकी अंतर्गत तिघरा गांव में शुक्रवार रात चोरों ने राम किशुन प्रजापति के घर की छत पर बने कमरे का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये नकद और करीब 3.50 लाख रुपये के जेवर चोरी कर लिए।
सुबह बेटी के कमरे में पहुंचने पर वारदात की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की।
राम किशुन के मुताबिक घर की छत पर दो कमरे बने हैं, जिनमें सामान रखा जाता है। परिवार के लोग नीचे कमरे में सोते हैं। शुक्रवार रात अज्ञात चोर छत पर बने कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सामान खंगालकर नकदी व जेवर लेकर चंपत हो गए।
शनिवार सुबह करीब आठ बजे राम किशुन की बेटी करिश्मा उन्हें नाश्ता पहुंचाने के लिए खेत जा रही थी। वह छत पर बने कमरे से टिफिन और बर्तन लेने पहुंची तो ताला टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था। उसने परिवार और पड़ोसियों को जानकारी दी।
राम किशुन भी खेत से घर पहुंचे और सामान की जांच की तो 40 हजार रुपये नकद के अलावा नथिया, टीका, झाला, झुमकी, पायल, पाजेब, मंगलसूत्र और मक्खी समेत करीब 3.50 लाख रुपये के जेवर गायब मिले।
परिवार ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। चेतिया चौकी प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। 112 नंबर की पुलिस ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों के मुताबिक चोरी वाली रात गांव में बिजली भी गुल थी।
थानाध्यक्ष रामदेव ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। मामले की जांच की जा रही है।