संवाद न्यूज एजेंसी बांसी (सिद्धार्थनगर) । मिठवल ब्लॉक क्षेत्र के खुटेहना गांव में ग्रामसभा के कार्यों में कथित फर्जी भुगतान और अनियमितता के मामले में न्यायालय के आदेश पर पूर्व प्रधान और तत्कालीन सचिव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बांसी में दोनों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी अमित पांडेय ने ग्रामसभा में कथित अनियमितताओं को लेकर न्यायालय की शरण ली थी। उन्होंने फौजदारी निगरानी न्यायालय में वाद दाखिल किया था। बताया गया कि मामला करीब पांच वर्षों तक न्यायालय में विचाराधीन रहा।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्रामसभा में पंचायत भवन सहित विभिन्न स्थानों पर कराए गए कार्यों में कथित तौर पर फर्जी आईडी का इस्तेमाल कर भुगतान कराया गया। इसके अलावा नाबालिग बच्चों से काम कराए जाने और उनके नाम पर भी भुगतान किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने ग्रामसभा के कार्यों में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और भुगतान में अनियमितता के आरोप लगाए हैं।