- शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के पकड़ी चौराहे पर सात सितंबर की रात युवक पर जानलेवा हमला और पैर की उंगली काटने का मामला
- बोले प्रदेश सचिव आरोप निराधार, राजनीतिक छवि धूमिल करने के लिए पुरानी रंजिश में जोड़ा जा रहा नाम
शोहरतगढ़। थाना क्षेत्र के पकड़ी चौराहे के पास पास सात सितंबर की देर शाम पुरानी रंजिश में बाइक सवार दो युवकों पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। इसमें अपना दल एस के प्रदेश सचिव शिक्षक सभा अनिल चौधरी के अलावा शीलू चौधरी, पकड़ी निवासी रंजीत चौधरी शामिल हैं। यह आरोपित शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इन पर एक युवक को धारदार हथियार से सिर पर वार करने, पैर की दो अंगुली काटने व धमकी देने का आरोप है।
क्षेत्र के धनगढ़िया निवासी घायल युवक के पिता सहदेव पांडेय ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि रविवार शाम 7:30 बजे उनका बेटा अतुल कुमार पांडेय अपने मित्र व माधवपुर निवासी विक्की के साथ किसी काम से जा रहा था। एक बाइक ही बाइक पर सवार होकर दोनों पकड़ी चौराहे के आगे खेल के मैदान के पास पहुंचे थे। तभी पीछे से अल्टो कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद कार से उतरे पांच युवकों ने उन पर जानलेवा हमलकिर दिया। इसमें शीलू चौधरी के हाथ में तमंचा और रंजीत अपने हाथ में धारदार हथियार था। अन्य तीनों लोहे का सरिया व रॉड लिए हुए थे। आरोपित शीलू ने उसपर फायर किया, लेकिन गोली मिस हो गई। इसके बाद पांचों उन दोनों बाइक सवारों पर टूट पड़े। इसी दौरान अतुल पांडेय किसी तरह जान बचाकर खेत की ओर भागा, लेकिन आरोपियों ने उन्हें दौड़ाकर छोटकी धनगढ़िया के पास पकड़ लिया और उसके पैर की उंगलियां काट दीं। सिर पर भी वार किए। विक्की का पैर तोड़ दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे। इस बीच पांचों उन्हें छोड़कर भाग गए। घायल अतुल के मारने-पीटने का वीडियो भी कुछ राहगीरों ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घायल के पिता ने यह आरोप लगाया कि जिस समय उनके बेटे को मारा पीटा जा रहा था, उस समय एक आरोपी अपने भाई से मोबाइल से हैंड्स फ्री कर बात कर रहा था। उधर से उसका भाई कह रहा था कि छोड़ना नहीं, आग लगा कर फेंक दो।
-
बोले आरोपी प्रदेश सचिव
अतुल पांडेय और उनके मित्र पर हुए हमले के आरोपी अपना दल एस से प्रदेश सचिव शिक्षक सभा के अनिल चौधरी ने राजनीतिक द्वेष में हमले का आरोप लगाने की बात कही है। कहा कि आठ अप्रैल 2023 को रात 10 बजे शोहरतगढ़ स्टेशन पर उतर कर जैसे ही अपने गाड़ी पर चढ़ा उसी दौरान कुछ हमलावरों ने उनके और उनके पेट्रोल पंप मैनेजर पर हमला कर दिया था। उस हमले में मुख्य आरोपी अतुल पांडेय था। बीते रविवार को अतुल पांडेय व उनके मित्र पर हुए हमले में पुरानी रंजिश से जोड़ा जा रहा है जो निराधार है। अनिल का कहना है कि उसका और उसके भाई का इस हमले से कोई लेना देना नहीं है। कुछ लोग राजनीतिक छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। कहा कि जांच में उनकी संलिप्तता अगर पाई जाए तो भाई सहित वह सजा भुगतने के लिए तैयार हैं। इस मामले कुछ लोग उन्हें फंसाना चाहते हैं।
-
बोले जिम्मेदार
पुलिस ने शीलू चौधरी, अनिल चौधरी और रंजीत चौधरी सहित तीन अज्ञात खिलाफ केस दर्ज कर जांच कर रही है। जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- पवीन प्रकाश, सीओ, शोहरतगढ़