- लखनऊ, दिल्ली और कानपुर जाने के लिए भटकते रहे मुसाफिर
सिद्धार्थनगर। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में एक साथ 25 बसों के चले जाने से दिल्ली, कानपुर रूट पर बस का संचालन नहीं किया गया। वहीं, कानपुर रूट पर 10 की जगह आठ बस के जाने से यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे कई यात्री गोरखपुर के लिए रवाना हुए तो कुछ ने ट्रेन से सफर किया।
लखनऊ में बृहस्पतिवार को पीएम के हाथों प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया जाएगा। इससे जिले की 25 बस बीते मंगलवार को ही लखनऊ भेज दी गई। एक साथ 25 बस के चले जाने से बुधवार को दिल्ली की तीन और कानपुर की एक बस नहीं चली। इससे यात्रियों को सबसे अधिक असुविधा का सामना करना पड़ा। दिल्ली जाने के लिए जिला मुख्यालय आए यात्रियों को निजी और लखनऊ तक की रोडवेज बस से सफर करना पड़ा जबकि कई यात्री ट्रेन का इंतजार करके लखनऊ तक गए। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे संदीप व अरविंद ने बताया कि दिल्ली जाना है लेकिन डिपो से दिल्ली के लिए बस का संचालन नहीं होगा। इससे लखनऊ तक ट्रेन से जाएंगे फिर वहां से बस से सफर करके दिल्ली जाएंगे। वहीं, लखनऊ जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे दुर्गेश ने बताया कि जिले से लखनऊ के लिए बस गई है, लेकिन अगली बस करीब तीन बजे जाएगी जबकि ट्रेन दो बजे तक आएगी, ऐसे में ट्रेन से यात्रा करेंगे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए 25 बस मंगलवार को लखनऊ भेजी गई है। वहीं, ठंड अधिक होने से दिल्ली के पर्याप्त सवारी भी नहीं मिल रही है, इसकी वजह से सीधे बस का संचालन नहीं किया गया। लखनऊ की बसों को संचालित किया गया है।
- वीके गंगवार, एआरएम