अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज के लिए बढ़ाए गए बसों के फेरे, दिल्ली के लिए भी चल रही स्पेशल बस
सिद्धार्थनगर। दशहरा और दीपावली समेत आगामी त्योहारों पर यात्रियों की सहूलियत के लिए रोडवेज प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। त्योहारों पर महानगरों से घर लौटने और यहां से दूसरे शहरों में जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। मौजूदा समय में अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज के लिए बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। वहीं, दिल्ली के लिए स्पेशल बस भी चलाई जा रही है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अन्य मार्गों पर भी अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी।
सिद्धार्थनगर डिपो से दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी समेत स्थानीय मार्गों पर कुल 64 बसों का संचालन किया जाता है। त्योहारों के दौरान महानगरों में काम करने वाले लोगों के घर लौटने और छुट्टी के बाद वापस जाने के कारण यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए रोडवेज प्रशासन की ओर से अतिरिक्त बसों के संचालन के साथ ही बसों के फेरे बढ़ाए जाते हैं, ताकि यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो।
मांग के अनुसार बढ़ाए जाएंगे बसों के फेरे
नवरात्र, दशहरा, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने बसों के संचालन की तैयारी पूरी कर ली है। अयोध्या, वाराणसी और प्रयागराज के लिए बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। इसके अलावा दिल्ली, लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर मार्ग पर भी यात्रियों की संख्या के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाने की तैयारी है। स्थानीय मार्गों पर भी जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।
त्योहारों को देखते हुए तैयारी कर ली गई है। यात्रियों की मांग और संख्या के अनुसार बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे ताकि उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
- वीके गंगवार, एआरएम