- पुलिसकर्मियों ने बचाया, एसडीएम ने दो दिन में पैमाइश कराने का दिया आश्वासन
- दोनों पक्षों ने जमीन के वास्तविक हिस्से के अनुसार विवाद सुलझाने पर जताई सहमति
डुमरियागंज। भवानीगंज थाना क्षेत्र के भिटौरा गांव में जमीन के विवाद को लेकर रविवार दोपहर एक युवक ने थाने के सामने पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षित बचा लिया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम डुमरियागंज विवेकानंद मिश्रा से बातचीत के बाद दो दिन के भीतर जमीन की पैमाइश कराने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, पुरैना ग्राम पंचायत के टोला भिटौरा में गाटा संख्या 220 पर काना देवी पत्नी स्व. रामफेर मकान बनवा रही हैं। रविवार को मकान की छत की ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के संदीप जायसवाल ने निर्माण पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि गाटा संख्या 219 उनकी मां केवला देवी निवासी अमहवा पलटनडीह, थाना गैंडास बुजुर्ग, जनपद बलरामपुर के नाम दर्ज है। आरोप है कि इस गाटा का कुछ हिस्सा काना देवी के मकान में जा रहा है।
वहीं, काना देवी का कहना है कि उन्होंने गाटा संख्या 219 के संबंध में धारा 24 के तहत कार्रवाई कराकर पत्थर नसब कराया है। उनका दावा है कि वह अपने हिस्से की जमीन पर मकान बनवा रही हैं। इसी विवाद को लेकर संदीप जायसवाल रविवार दोपहर करीब दो बजे पेट्रोल से भरा डिब्बा लेकर थाने के सामने पहुंचा और आत्मदाह की कोशिश की। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचा लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह भिटौरा पहुंचे और विवादित स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम डुमरियागंज को मामले से अवगत कराया। एसडीएम की ओर से दो दिन के भीतर जमीन की पैमाइश कराने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई। दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी कि पैमाइश में यदि किसी पक्ष की जमीन दूसरे पक्ष के मकान में आती है तो वास्तविक स्थिति के अनुसार विवाद का समाधान किया जाएगा। काना देवी और संदीप जायसवाल ने पैमाइश के बाद सामने आने वाली स्थिति के आधार पर विवाद सुलझाने पर सहमति जताई।
थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष पैमाइश के बाद जमीन के हिस्से के अनुसार विवाद सुलझाने पर सहमत हैं। गांव में शांति व्यवस्था कायम है।
कोट
मामला संज्ञान में है। दो दिन के भीतर जमीन की पैमाइश कराने के निर्देश दिए गए हैं। दोनों पक्षों को पुलिस ने थाने पर बुलाकर बातचीत भी कराई गई है। मामले का समाधान करा दिया जाएगा।
- विवेकानंद मिश्रा, एसडीएम डुमरियागंज