मोहाना क्षेत्र के ग्राम बगही के टोला हरपौली के घटना स्थल पर जांच करती पुलिस। संवाद
ककरहवा। मोहाना थाना क्षेत्र के ग्राम बगही के टोला हरपौली में रविवार की सुबह संदिग्ध हालात में विवाहिता सीरावत (30) का शव घर के अंदर छत की कुंडी के सहारे फंदे से लटका मिला है। मृतका के मायके वालों ने हत्या की आशंका जाहिर करते हुए जांच की मांग की है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहाना थाना क्षेत्र के लकड़ा गांव निवासी सोभई की बेटी सीरावत की शादी 10 वर्ष पूर्व इसी थाना क्षेत्र के हरपौली निवासी चीनक से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी में आए दिन बात-बात पर विवाद होने लगा। दोनों के दो बच्चियां भी हैं। शनिवार की रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। उसके बाद पत्नी अपने कमरे में सोने चली गई।
सुबह घरवालों ने सीरावत का शव कमरे के अंदर फंदे से कुंडी से लटका देखा। किसी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मोहाना पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई मलखान ने मोहाना थाना पर तहरीर देते हुए सीरावत की हत्या कर शव कुंडी में लटकाए जाने की आशंका जाहिर की है।
थानाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह ने बताया शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाया है। तहरीर मिली है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।