उसका बाजार। थाना क्षेत्र के ग्राम छितरापार में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता विनिता (26) का शव फंदे से लटका मिला है। परिजनों का कहना है कि विवाहिता ने फंदे से लटक कर जान दे दी है। वहीं, मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। इस दौरान पुलिस ने पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
ग्राम छितरापार निवासी विनिता (26) पत्नी अनिल यादव का शुक्रवार की देर रात अपने कमरे में फंदे से लटका शव मिला। परिजनों का कहना था कि वे खाना खाकर सो गए थे। देर रात विनिता का शव कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटका मिला। परिवार के लोगों ने शव को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। विनिता की छह वर्ष की बेटी व दो वर्ष का बेटा है।
वहीं गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के नवडिहवा रहने वाले मृतका के पिता राजेंद्र यादव ने पुलिस को तहरीर देकर ससुरालियों पर बेटी को प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष हरेकृष्ण उपाध्याय ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर पति समेत पांच लोगों पर एफआईआर दर्जकर छानबीन में जुट गई है।