पथरा/तिलौली। शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के रमवापुर भैया गांव में साइकिल से निकले दो दोस्तों अनंत कुमार चौधरी (12) पुत्र जितेंद्र बहादुर चौधरी और अनिकेत गुप्ता (11) पुत्र बाबूलाल की रविवार शाम पोखरे में लाश मिली। आशंका जाहिर की जा रही है कि डूबने से मौत हुई है।
मौत के बाद परिवार के लोगों का रो- रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि लाश मिलते ही परिवार के लोगों ने वहीं अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, कोतवाल का कहना है कि उन्हें इस प्रकार की किसी भी घटना की जानकारी नहीं है।
जानकारी के अनुसार, रमवापुर भैया गांव निवासी अनंत कुमार चौधरी (12) पुत्र जितेंद्र बहादुर चौधरी और अनिकेत गुप्ता (11) पुत्र बाबूलाल दोनों रविवार शाम करीब चार बजे घर से साइकिल लेकर घूमने निकले थे। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे तो परिजन दोनों की तलाश करने लगे। इसी दौरान गांव के पूरब पोखरे में गांव के लोग भैंस नहलाने के लिए ले गए थे। जब एक साथ भैंस की झुंड पानी से निकला तो अनिकेत की लाश उतराकर पोखरे के किनारे आ गई। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां पर पोखरे के किनारे दोनों बच्चों की साइकिल खड़ी मिली। इसके बाद दर्जनों ग्रामीण अनंत कुमार की लाश ढूंढ़ने के लिए पोखरे में कूद पड़े। थोड़ी देर बाद उसकी भी लाश पोखरे में मिल गई। परिजनों ने बगैर पुलिस को सूचना दिए ही दोनों का अंतिम संस्कार गांव में कर दिया।
इस संबंध में शिव नगर डिडई थानाध्यक्ष मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।