डुमरियागज तहसील सभागार में आयोजित मतदाता पुनरीक्षण को लेकर बीएलओ के प्रशिक्षण को संबोधित करते ए
डुमरियागंज। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और समावेशी बनाने की तैयारी तहसील प्रशासन की तरफ से चल रही है।
सोमवार को डुमरियागंज तहसील सभागार में एसडीएम राजेश कुमार की अगुवाई में दो चरणों में बीएलओ और सुपरवाइजर का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। मंगलवार से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता विवरण सत्यापित करेंगे।
प्रशिक्षण में बताया गया कि इस तरह का विशेष पुनरीक्षण वर्ष 2003 के बाद पहली बार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल करना और मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाना है। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि तीन नवंबर तक सभी तैयारियां, प्रशिक्षण और गणना प्रपत्रों का मुद्रण पूरा कर लिया गया है। इसके बाद मंगलवार तीन नवंबर से चार दिसंबर तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से प्रपत्र भरवाएंगे और जानकारी का सत्यापन करेंगे। नौ दिसंबर को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।