मिश्रौलिया। स्थानीय क्षेत्र के बड़हर घाट गांव के पास मंगलवार रात एक बाइक अचानक सड़क पर आई भैंसे से जा टकराई। इस हादसे में चालक शहाबुद्दीन (45) की मौत हो गई। पुलिस ने लाश का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मौत के बाद परिवार के लोगों का रो- रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के चेतिया गांव निवासी शहाबुद्दीन (45) गोल्हौरा थाना क्षेत्र के जिगिनिहवा चौराहे पर किराए पर कमरा लेकर बच्चों के साथ रहता है। वहीं रोजी-रोजगार करता था। गांव पर मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। मंगलवार सुबह निर्माण कार्य देखने के लिए आया था। बताया जा रहा है कि देर शाम वह बाइक से जिगिनिहवा लौट रहा था। अभी मिश्रौलिया क्षेत्र के बड़हर घाट गांव के पास पहुंचा था कि अचानक सामने से भैंसा आ गया और बाइक टकरा गई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देकर मौके पर पहुंचे लोगों ने बांसी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार लोग माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, वहां भी डॉक्टरों ने मृत बता दिया। इसके बाद सदर पुलिस ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम कराया और परिवार को सौंप दिया। मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के तीन लड़के और चार लड़कियां हैं। परिवार में इकलौता कमाने वाला था। अब परिवार के समक्ष कई प्रकार के संकट खड़ा हो गया है। मौत की खबर मिलने के बाद से रात से ही लोगों का आना-जाना लगा हुआ है।
इस संबंध में एसओ मिश्रौलिया नारायन लाल श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर गई थी। लाश का पोस्टमार्टम होने के बाद परिवार को सौंप दिया गया है।