- बढ़नी ब्लॉक क्षेत्र के अहिरौला में स्थित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुतहवा का भवन हो गया जर्जर
तुलसियापुर। बढ़नी ब्लाॅक के अहिरौला में स्थित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भुतहवा को उसके जर्जर भवन से निजात दिलाने के लिए राज्यसभा सांसद बृजलाल ने पहल की है। डीएम के निवेदन पर उन्होंने साढ़े 69 लाख रुपये की सांसद निधि देने की घोषणा की है। सांसद के पत्र के सार्वजनिक होने के बाद पूरे क्षेत्र में लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
बढ़नी ब्लाॅक के अहिरौला में स्थित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भुतहवा का भवन पूरी तरह से जर्जर हो गया है। कई बार अमर उजाला ने इस महत्वपूर्ण समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित भी किया है। इस पीएचसी पर बढ़नी ब्लाॅक के अहिरौला, औदही कलां, गड़रखा, मनिकौरा, तालकुंडा, मटियार उर्फ भुतहवा, खैरी उर्फ झुंगहवां, खैरी शीतल प्रसाद, मानपुर, मदरहिया, रेड़वरिया समेत दो दर्जन से अधिक गांवों व टोलों के हजारों लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल की जिम्मेदारी है, लेकिन विभागीय लापरवाही के कारण कभी भी यह अस्पताल अपनी जिम्मेदारी को पूरा नहीं कर पाया। अब अस्पताल का भवन भी पूरी तरह से जर्जर हो चुका है।
डीएम डाॅ. राजागणपति आर के निवेदन पर राज्यसभा सांसद व पूर्व डीजीपी बृजलाल ने अपने सांसद निधि से अस्पताल में लेबर रुम, स्टाफ रूम इत्यादि के निर्माण के लिए 69.50 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की है। इसके लिए उन्होंने डीएम को पत्र भी लिखा है। सांसद के इस कार्य के लिए डीएम को लिखे पत्र के सार्वजनिक होने के बाद क्षेत्र में लोगों ने प्रसन्नता जाहिर की है।