सिद्धार्थनगर। दीपावली की खुशी को दोगुना करने के लिए लोग खूब पटाखे छाेड़ते हैं। धनतेरस से शुरू हुई पटाखों की खरीदारी का सिलसिला दिवाली की देर रात तक चलता है। ऐसे में अवैध धंधेबाज और खुद निर्मित कराकर पटाखों की बिक्री करते हैं।
इन पटाखों के धमाके और बारूद का कोई मानक नहीं है। इनके विस्फोट पर बड़ी क्षति हो सकती है। ऐसे में लोग विस्फोट का शिकार न हों और सुरक्षित रहे हैं, इसके लिए प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर लाइसेंसी दुकान से ही पटाखा खरीदने पर जोर दिया है। साथ ही उन्हें सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की अपील की है।
जनपद में अवैध पटाखे की तीन बड़ी खेप पकड़ी गई है। वहीं, प्रशासन की ओर से जारी अस्थाई लाइसेंस वाली पटाखे की दुकानें रविवार को सज गईं। खरीदार भी देखे गए। जिला मुख्यालय पर बीएसए ग्राउंड परिसर में पटाखा की दुकानें लगी हुई हैं। यहां पर प्रशासन की ओर अस्थाई लाइसेंस पर दुकानें लगीं हैं। दोपहर में ही खरीदार जुटने लगे थे। यहां सुरक्षा की बात करें तो दुकानदारों के पास पानी भरा ड्रम, फायर सिलिंडर, बालू रखा मिला। इसके साथ ही दमकल की बड़ी गाड़ी लगी हुई थी। सदर थाने के दो दराेगा और कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
दुकानों पर दिखी भीड़ : शोहरतगढ़। दीपावली पर शोहरतगढ़ के खेतान बालिका इंटर काॅलेज के प्रांगण में लगने वाले पटाखा बाजार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम काफी नहीं दिखे। पड़ताल में सुरक्षा के इंतजाम केवल नाम के दिखे। प्रशासन ने तहसील क्षेत्र में 55 अस्थायी लाइसेंस रविवार से मंगलवार तक जारी किए हैं। दुकानों के सामने पानी एकत्रित रखने के लिए ड्रम रखा गया था, लेकिन उसमें पानी नहीं था। लगने वाले पटाखे के बाजार में रेती का भंडारण भी नहीं था। अग्निशमन यंत्र किसी-किसी दुकान पर दिखा। मौके पर प्राथमिक उपचार के लिए फर्स्ट एड बॉक्स भी नहीं थे। प्रशासन की ओर से अग्नि शमन की गाड़ी खड़ी पाई गई।
कई स्थानों पर खतरे का डर : शोहरतगढ़ के खेतान बालिका इंटर काॅलेज, खुनुवा बॉर्डर नोमेंस लैंड और चिल्हिया क्षेत्र के चिल्हिया कस्बे के बाहर बाजार परिसर, कदवा बाजार, बरगदवा, करौदा बाजार, धेंसा सहित तुलसियापुर में जहां स्थान चिह्नित है, वहीं दुकानदारों ने अपनी दुकानें लगाई हैं। एसडीएम विवेकानंद मिश्रा ने बताता कि सभी अस्थायी व स्थाई लाइसेंस धारियों को शासन की ओर से जारी गाइडलाइंस पालन करने के लिए लिखित रूप से अवगत करा दिया गया। तहसील क्षेत्र में पटाखे की बिक्री के लिए 55 लाइसेंस जारी किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम में शासन की गाइडलाइन का कोई लाइसेंस धारी उल्लंघन करता हुआ पाया गया तो उसका लाइसेंस निरस्त कर उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। रविवार के पड़ताल में सीएचसी शोहरतगढ़ पर कोई तैयारी नहीं दिखी। इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक की कुर्सी खाली थी। एक या दो कर्मचारी केवल अस्पताल पर दिखे।
सीएचसी अधीक्षक एके आजाद ने बताया कि दीपावली पर शासन के निर्देश पर सभी चिकित्सकों व कर्मचारियों की छुट्टी रद कर दी गई है। सभी लोगों को अलर्ट कर दिया गया है। व्यवस्थाएं पर्याप्त हैं जो कमी है, उसे जल्द सुधार कर लिया जाएगा।