शाहपुर। डुमरियागंज नगर पंचायत की ओर से छठ पर्व को लेकर राप्ती नदी के तट पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। घाट की सफाई के लिए जेसीबी और सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराने के साथ दो नावों की तैनाती भी की जाएगी।
नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित राप्ती नदी के घाट पर प्रत्येक वर्ष छठ पर्व के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसे देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन पहले से ही तैयारियों में जुट गया है। घाट पर पूजा के लिए बनाई गई बेदियों और आसपास उगी घास-फूस की सफाई कराई जा रही है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट तक प्रकाश की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी सचिन कुमार पटेल ने बताया कि घाट की सफाई कराई जा रही है। छठ पर्व से पहले सुरक्षा और सुविधाओं से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।